संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान दो आरोपी आपस में भिड़ गए। दोनों बंदियों के बीच जमकर लात-घूसे चले। मारपीट में एक बंदी की आंख पर काफी चोट लगी। उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बंदी को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और कोर्ट परिसर में हाथापाई करने के आरोप में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बताते हैं कि करनाल के विकास नगर निवासी और नगला फार्म निवासी नरेश के बीच रंजिश के चलते क्रॉस केस में मामले दर्ज हैं। दोनों ही लंबे समय से जेल में बंद हैं। वीरवार को दोनों की तारीख थी। पंकज को जेएमआईसी रवि कुमार की अदालत में पेश किया जाना था, जबकि नरेश को एसीजेएम सौरभ खत्री की अदालत में पेश किया जाना था। एस्कॉर्ट गार्द करनाल में तैनात एएसआई रामकुमार दोनों आरोपियों को कोर्ट लेकर पहुंचा था। अदालत में पेश करने से पहले दोनों आरोपियों को बख्शी खाना में रखा था। इसी दौरान दोनों आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच मारपीट हुई। मारपीट देख वहां खड़े पुलिस कर्मियों ने बीच बचाव किया। पंकज की आंख में चोट आई थी। जिसको पुलिस अस्पताल में लेकर पहुंची और उसका मेडिकल कराया।