करनाल। असंध थाने के हवालात में हुई युवक की मौत के मामले में एसपी गंगाराम पूनिया ने कड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों की विभागीय जांच और दो होमगार्ड को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में होमगार्ड ने ड्यूटी में लापरवाही बरती है। ऐसे में इन्हें कभी भी होमगार्ड के तौर पर न रखे जाने की भी उन्होंने संबंधित विभाग से सिफारिश की है।
एसपी ने असंध थाना के प्रभारी बलजीत सिंह, मुख्य मुंशी सुरेंद्र, नाइट मुंशी सिपाही रामभगत और जांच अधिकारी एएसआई रणधीर सिंह (सस्पेंड) की भी विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं हवालात के गेट पर ड्यूटी से नदारद मिलने पर होमगार्ड मांगेराम व सुरेंद्र को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि असंध के वार्ड नंबर दो निवासी रमेश का किसी के साथ झगड़ा हो गया था। पुलिस ने इस मामले में रमेश को हवालात में रखा था। रमेश का हवालात मेें अंदर फंदे पर लटका शव 12 सितंबर को सुबह मिला था। मृतक के परिवार का आरोप है कि रमेश को पुलिस 10 सितंबरको उठाकर ले गई थी। अवैध रूप से हिरासत में रखा गया। पुलिस का कहना है कि रमेश के किसी प्रकार की मारपीट या चोट के निशान नहीं हैं। उसने फंदा लगाकर आत्महत्या की है।
असंध थाने में हवालात में युवक की मौत के मामले में न्यायिक जांच जारी है। इसमें थाना प्रभारी, मुंशी, नाइट मुंशी, आईओ की विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं लापरवाही बरतने पर दो होमगार्ड को बर्खास्त करने की सिफारिश संबंधित विभाग से की गई है। - गंगाराम पूनिया, एसपी