गांव चौचड़ा के जमीदार ढाबा के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से गांव पगाला के युवक और गांव बालू की युवती की मौत हो गई। जबकि घरौंडा की एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिए हैं। जबकि कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता अनिल कुमार वासी गांव पंगाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह किसी काम से चोचड़ा गया था। रविवार शाम जब वह वहां से वापस आ रहा था तो जमीदार ढाबा के पास उसके गांव का 39 वर्षीय सतबीर व उसके साथ दो युवतियां सड़क किनारे बैठकर पानी पी रहे थे। इसी दौरान असंध की ओर से एक तेज रफ्तार कार चालक आया और सतबीर व दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी। वह तीनों के ऊपर से गाड़ी को निकालकर ले गया। उसने राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को असंध के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सतबीर वासी पंगाला और शीतल शर्मा वासी बालू को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य महिला प्रिया वासी नजदीक ब्राह्मण मोहल्ला घरौंडा को करनाल रेफर कर दिया। घायल का इलाज करनाल के निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।