किसान की हत्या में दो गिरफ्तार, लोन के विवाद में हुई थी वारदात
धरे गए आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लेकर की जा रही पूछताछ, मुख्य आरोपी अभी फरार
अंबाला के हैं पकड़े गए आरोपी, पार्टी के दौरान हुई थी कहासुनी, तेजधार हथियार से किया था वार
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। किसान की हत्या कर शव को सूखी हुई आवर्धन नहर में फेंकने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया है, हालांकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। बताया जा रहा है कि लोन के विवाद के बाद किसान की पूर्व सरपंच और उसके साथियो ने ही हत्या की थी। इससे पहले आरोपियों ने उसके साथ बैठकर पार्टी की थी।
इंद्री मुखाला गांव निवासी ऋषिपाल-44 की नौ अक्तूबर को हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने अंबाला के बहरेहड़ी निवासी परविंदर उर्फ संटी और लबकरी निवासी सूरज को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि किसान ऋषिपाल ने आरोपियों के नाम पर लोन लेकर कई वाहन खरीदे थे। इससे वे खफा थे। इसे लेकर विवाद चल रहा था। नौ अक्तूबर की रात को वह सभी एक जगह बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान तीनों की आपस में कहासुनी हो गई, जिसके चलते तेजधार हथियार से वार कर ऋषिपाल की हत्या कर दी। फिर शव को आवर्धन नहर में फेंक दिया। अगले दिन ऋषिपाल का शव सूखी नहर से बरामद किया गया था। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं हत्या में शामिल मुख्य आरोपी पूर्व सरपंच अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
सीआईटू के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को रिमांड के दौरान बरामद किया जाएगा।