करनाल। घराैंडा थाना क्षेत्र से एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने दो आरोपियों को अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध देसी पिस्ताैल बरामद की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ घराैंडा थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की। एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी हिम्मत सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना पर जिला जींद के सफीदों के सिंघाना गांव निवासी आशीष उर्फ कालू को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से देसी पिस्तौल बरामद हुई। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड लिया। रिमांड के दौरान आरोपी ने बताया कि वह इस पिस्तौल को मूनक थाना के बेगमपुर गांव निवासी शुभम से खरीदकर लाया था। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुभम को भी काबू किया। बुधवार को दोनों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संवाद