संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। पुलिस ने रविवार को सीआईए स्टाफ बनकर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 1600 रुपये की नकदी बरामद की गई। आरोपी जेल से जमानत पर आए थे।
पुलिस के अनुसार सहारनपुर के मंसूरपुर निवासी आरोपी गुरमीत और उमरपुर निवासी सागर शेरगढ़ टापू से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने साथी के साथ मिलकर सीआईए स्टाफ बनकर लोगों को झूठे केस में फंसाने का डर दिखा रुपये ऐंठते थे। आरोपियों ने नीलोखेड़ी थानाक्षेत्र में पहले भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जमानत पर आकर फिर से लोगों को डरा-धमका कर रुपये ऐंठने लगे।
आरोपियों ने फरवरी 2023 को इंद्री थानाक्षेत्र के न्यौरता निवासी अंकित को अपने चंगुल में फंसाया था। सात फरवरी को पीड़ित गांव चौगामा में ट्रक खड़ा कर बाइक से गांव लौट रहा था। चंद्राव गांव के पास आरोपी युवक पहले से खड़े थे और सीआईए स्टाफ बताकर उसकी तलाशी लेने लगे। बाद में आरोपियों ने युवक को डर दिखाया कि किसी झूठे केस में फंसाकर जेल में डाल देंगे। पीड़ित से आरोपियों ने 1500 रुपये लेकर छोड़ दिया।