- चालक पर नशे की हालत में ट्रक चलाने का आरोप, मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध (करनाल)। सालवन गांव के पास सड़क किनारे 11 केवी के बिजली के खंभे से मुर्गियों से भरा ट्रक टकराकर पलट गया। जिस कारण ट्रक में लोड 3564 मुर्गियों में से 3400 मुर्गियों की मौत हो गई। हैचरी मालिक ने चालक पर शराब के नशे में ट्रक चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
हेमराज सेल्स हेड कल्याण हैचरी करनाल के मालिक हेमराज ने सालवन चौकी पुलिस में बताया कि उनका एक ठेका अजय मुर्गी फार्म के साथ सालवन में चल रहा है। चार फरवरी को उन्होंने इस फार्म से 3564 मुर्गियां एक ट्रक में लोड की थी। उन्होंने मुर्गियों को लेकर जाने के लिए एक ट्रक बुक किया। जिसे हकीकत नगर रेलवे रोड जींद निवासी सौरव कुमार चला रहा था। रात को कंपनी के कर्मचारियों ने ट्रक में सभी मुर्गियां लोड करवा दी थी।
जब चालक ट्रक लेकर पहुंचा तो उसने शराब पी रखी थी। ऐसे में फार्म व कंपनी के कर्मचारियों ने ट्रक चालक को आराम से ट्रक ले जाने की हिदायत दी, लेकिन चालक ने किसी की न सुनी और तेज रफ्तार से ट्रक को लेकर वहां से निकल गया। कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि चालक ने सालवन गांव के पास ही सड़क किनारे खड़े 11 केवी के बिजली के खंभे में टक्कर मार दी है और ट्रक पलट गया है। जिस कारण 3400 मुर्गियां मर गई है। हैचरी मालिक ने कंपनी का करीब 10 लाख रुपये का नुकसान बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।