- एक घंटे तक सड़क पर टूृटकर गिरे बिजली के तार से निकलती रही चिंगारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मूनक। पानीपत रोड पर असंध की तरफ से आ रहा ट्रक मूनक के पास पीर बाबा मोड़ पर बिजली के खंभे और पेड़ से टकरते हुए पलट गया। हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया। जाम से निकलने के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मार्ग से ट्रक को हटवाकर जाम खुलवाया।
मूनक निवासी बाबूराम, सतीश, संजीव, कृष्ण, बलबीर व सतबीर ने बताया कि उन्होंने धमाके की आवाज सुनी तो वे दौड़कर देखने आए। जहां एक ट्रक खंभे से टकरा कर खदानों में गिरा हुआ था। उन्होंने कड़ी मशक्कत से चालक-परिचालक को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर रिफाइनरी के कारण लाखों बड़े-छोटे वाहन गुजरते हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण हादसे होते रहते हैं। क्षेत्र वासियों का कहना है कि सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाए ताकि नुकसान होने से बच सकें। इस दौरान बिजली का 11000 बोल्ट का तार घंटा भर सड़क पर पड़ा रहा। लगातार वाहन गुजरने के कारण स्पार्किंग होती रही। काफी देर के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तार को सही किया।