संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक किशोर का अपहरण कर उसके साथ कुकर्म करने की कोशिश की गई। आरोपियों ने किशोर के साथ पहले मारपीट की और उसके मुंह में शौच किया। इतना ही नहीं किशोर को बिजली का करंट भी लगाया गया।
हालत बिगड़ने पर किशोर को परिजनों ने पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले आरोपियों ने किशोर की पैंट उतारकर वीडियो बनाया था। इसका परिवार के लोगों ने विरोध किया था। उस समय तो मामला निपट गया था, मगर आरोपियों ने रंजिश रखते हुए किशोर के साथ फिर से गलत काम किया।
पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जनवरी को उनका 15 वर्षीय बेटा घर के पास खेल रहा था। इसके बाद गांव के ही फौजी अजय और ब्लॉक समिति निसिंग के पूर्व वाइस चेयरमैन बिल्लू उनके बेटे को गाड़ी में डालकर खेतों में ले गए।
उन्होंने बेटे के साथ पहले मारपीट की। बाद में उसके साथ कुकर्म करने की कोशिश की। आरोपियों ने उनके बेटे के मुंह में शौच भी किया। किसी को नहीं बताने की बात कहकर करंट लगाकर डराया। इसके बाद आरोपियों ने गंभीर हालत में बेटे को गांव के पास नहर के पुल के पास छोड़ दिया।
ग्रामीणों ने गंभीर हालत में किशोर को नहर के पास पड़े हुए देखा और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। बाद में किशोर ने परिजनों को आपबीती बताई। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।