करनाल। बदरपुर गांव में ग्राम पंचायत की ओर से इस्तेमाल किया जा रहा 10 केवीए का ट्रांसफार्मर दो जून की मध्यरात्रि को चोरी हो गया। आरोपी ट्रांसफार्मर की तांबे की कुंडल, लेमिनेशन कोर और ऑयल ले गए, जबकि ट्रांसफार्मर का ढांचा टूटी-फूटी हालत में मिला। जेई महेन्द्र सिंह ने बताया कि निगम को करीब 70,000 रुपये का नुकसान हुआ है। एसडीओ की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, गांव घीड़ के रहने वाले मनधीर कुमार ने थाना कुंजपुरा में शिकायत दी है कि उनके खेतों के पास लगे ट्रांसफार्मर को 13 जून की रात चोर तार और तांबे सहित उठा ले गए। इसी प्रकार चोरा गांव में अश्वनी कुमार का ट्रांसफार्मर जो कि यमुना की पटरी के पास स्थित खेतों में लगा था, उसे भी 13 जून की रात को चोरी कर लिया गया। अश्वनी कुमार ने थाना कुंजपुरा में चोरों के खिलाफ शिकायत दी है। ब्यूरो