माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित एचटेट यानी हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2022 में हिस्सा लेने के लिए आवेदन करने का मंगलवार को अंतिम दिन है। बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, परीक्षा के लिए युवा 27 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं परीक्षा 12 और 13 नवंबर को आयोजित होगी।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा के अनुसार, आवेदन के लिए www.bseh.org.in वेबसाइट पर लिंक 27 सितंबर रात्रि 12 बजे तक खुला रहेगा। ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व युवा सूचना पत्रक में दर्शाए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। ऑनलाइन आवेदन व परीक्षा शुल्क सफलतापूर्वक जमा करने के बाद अभ्यर्थी पुष्टिकरण पृष्ठ की प्रति भी जरूर लें। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई हो तो वे हेल्पलाइन नंबर 9717894424, 9810285068, 9289528561, 9288517582 पर संपर्क कर सकते हैं। ब्यूरो
तीनों लेवल के लिए लगेगी 2400 रुपये फीस
एक लेवल के लिए आवेदन करना है तो 1000 रुपये, दो लेवल के लिए 1800 रुपये और तीनों लेवलों के लिए 2400 रुपए आवेदन फीस देनी होगी। हरियाणा के अनुसूचित जाति व विकलांग अभ्यर्थी यदि एक लेवल के लिए आवेदन करते हैं तो उसे 500 रुपये, 2 लेवल के लिए 900 रुपये और तीनों लेवल के लिए 1200 रुपये आवेदन शुल्क भरेंगे।
कल से कर सकेंगे संशोधन
अभ्यर्थी अपने विवरण अर्थात नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, फोटोयुक्त पहचान प्रमाण, आधार नंबर और विषय के चयन (लेवल-2 व 3) में ऑनलाइन संशोधन 28 से 30 सितंबर तक कर सकते है। 27 सितंबर के बाद ऑनलाइन आवेदन और 30 सितंबर के बाद ऑनलाइन विवरण में संशोधन करने की अनुमति नहीं होगी। इस संदर्भ में कोई भी प्रार्थना स्वीकार नहीं की जाएगा। लेवल, जाति वर्ग, गृह राज्य व शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण विकल्प में कोई परिवर्तन/सुधार/ शुद्धि करने की अनुमति नहीं होगी। फैक्स, ई-मेल, पत्र इत्यादि व अन्य माध्यम से प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।