पिछले कई दिनों से गर्मी ने अपने तेवर तीखे किए हैं। वही लू का प्रकोप और ज्यादा बढ़ जाएगा। पिछले तीन दिन में पारे ने 7 डिग्री का उछाल लिया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी तो गर्मी शुरू हुई है। अब गर्मी झेलने के लिए प्रदेश के लोगों को तैयार हो जाना चाहिए। शनिवार को जहां तापमान 39 डिग्री रहा, वहीं रविवार को तापमान 38 डिग्री रहा। तापमान में शनिवार की बजाय रविवार को एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। आज से गर्मी न सिर्फ बढ़ जाएगी बल्कि धूप की तपिश के साथ लू के थपेडे़ भी लोगों को सहने पड़ेंगे। मौसम वैज्ञानिक डॉ. दवेंद्र बुंदेला ने बताया कि रविवार को लू की गति 2.4 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि सोमवार से इसकी गति 12 किमी प्रतिघंटा हो जाएगी और आने वाले दिनों में ओर ज्यादा गर्मी बढ़ जाने की संभावना है। फिलहाल किसी भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना नहीं है जिससे बादल बरस सके। रविवार को आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली। दोपहर के समय तेज धूप से लोग खुुद को बचाने को मजबूर हो गए। लोग गर्मी से बचने के लिए ठंडे पानी का सहारा लेते नजर आए। वहीं युवतियां दुपट्टे से लिपटकर चलती दिखाई दी। हर कोई गर्मी से बचने के लिए छांव और ठंडे पानी का सहारा लेता दिखाई दिया। डॉ. देवेंद्र सिंह बुंदेला का कहना है कि आज से चलने वाली लू के कारण सुबह व रात भी अब गर्म होने लगेंगे। मौसम में लू के कारण तेजी से गर्मी बढ़ेगी। गर्मी से सबसे ज्यादा खेतों में गेहूं की कटाई करने मजदूरों को दो चार होना पड़ेगा।