संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बीते रोज पश्चिमी यमुना नहर से जेई का शव बरामद होने के बाद मामले में भाजपा किसान मोरचा के जिला उपाध्यक्ष और उसके भाई समेत अन्य के खिलाफ अपहरण और हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुलिस बल की उपस्थिति में रविवार को डाक्टरों के पैनल ने जेई के शव का पोस्टमार्टम किया। साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई गई। अब पुलिस के लिए यह पता लगाना जरूरी है कि जेई की हत्या कर नहर में फेंका गया है या फिर डूबने से उसकी मौत हुई है, इसके लिए डायटम टेस्ट की तैयारी है। यही कारण है कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने जांच के लिए अलग से लैब में सैंपल भेजा है।
विदित हो कि चंडीगढ़ से अपने गांव गगसीना आ रहा जेई दीपक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था। पांचवें दिन शनिवार को उसका शव नहर से बरामद किया गया था। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा जमकर हंगामा काटा था। मामले में शनिवार को देर शाम ही पुलिस ने भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष कर्ण सिंह और उसके सगे भाई टिंकू उर्फ सुखविंद्र समेत अन्य के खिलाफ अपहरण और हत्या का केस दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार की सुबह तीन डॉक्टरों के पैनल ने संयुक्त रूप से फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद मृतक का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान विसरा और डायटम टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे गांव गगसीना में जेई के शव का अंतिम संस्कार किया।
डीएसपी को हटाकर एडिशनल एसपी गौरव राजपुरोहित को सौंपी जांच
ग्रामीणों की मांग पर पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने डीएसपी करनाल-दो गौरव फौगाट को केस से हटाकर इसकी जांच एडिशनल एसपी असंध गौरव राजपुरोहित को सौंप दी है। अब जेई दीपक के मामले की जांच उनकी निगरानी में नई एसआईटी करेगी। अभी शुरुआती जांच में पुलिस को जेई द्वारा चंडीगढ़ से लाई जा रही 1.10 करोड़ की राशि किसकी है, यह पता लगाना है। पुलिस द्वारा जब भाजपा नेता और उसके भाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने राशि की जानकारी से इंकार कर दिया था, लेकिन इससे पहले ग्रामीणों के सामने 1.10 करोड़ की राशि अपनी होने की हामी भरने की बात सामने आई थी।
पुलिस ने 16 नवंबर तक खुलासे का दिया आश्वासन
पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को जेई दीपक के मामले में 16 नवंबर तक खुलासे का आश्वासन दिया है। चूंकि जिले में नौ और 12 नवंबर को पंचायत चुनाव होने हैं, जिसको लेकर पुलिस उलझी हुई है। इसके बाद जेई दीपक के मामले में फोकस कर मामले की गुत्थी को सुलझाया जाएगा।
पुलिस ने भाजपा नेता और उसके भाई को किया राउंडअप
पुलिस ने अभी तक परिजनों की शिकायत के आधार गांव के ही भाजपा नेता कर्ण सिंह और उसके भाई टिंकू उर्फ सुखविंद्र को राउंडअप किया है, जिनसे लगातार पूछताछ चल रही है। हालांकि अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
जेई दीपक के मामले में एडिशनल एसपी गौरव राजपुरोहित को जांच सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में नई एसआईटी गठित की गई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर दो मुख्य आरोपियों को राउंडअप किया हुआ है, जिनसे पूछताछ जारी है। 16 नवंबर तक मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
गंगाराम पूनिया, पुलिस अधीक्षक, करनाल।