संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर के सेक्टर-13 के पॉश इलाके में दिनदहाड़े लाखों की नकदी और जेवरात चोरी हो गए। परिवार के लोग बिरादरी में एक शोक में शामिल होने गए थे। शाम को लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। देर शाम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी खंगालने पर एक-दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। हालांकि परिजनों ने एक नौकर पर भी शक जाहिर किया। पुलिस ने नौकरानी के घर जाकर भी पूछताछ की, लेकिन अभी कोई सुराग नहीं लगा है।
सेक्टर-13 के मकान संख्या 2053 निवासी नरेंद्र चावला इन्वर्टर बैटरी की दुकान चलाते हैं, उनकी पत्नी बुटीक संचालिका हैं। बताते हैं कि बुधवार की सुबह 11 बजे गृह स्वामी परिवार सहित अपने रिश्तेदारी में मौत होने पर हांसी रोड पर गया था, शाम को जब वापस लौटा तो मकान का बाहरी ताला तो ज्यों का त्यों बंद था, लेकिन सारा सामान बिखरा था। गृह स्वामी के अनुसार करीब तीन लाख रुपये नकद और छह तोला सोने के आभूषण सहित लाखों के आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। सेक्टर-13 पुलिस चौकी प्रभारी सिलखबीर सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी भी देखा गया है। मामले की जांच की जा रही है।