विभाग ने 8.79 लाख घरों को खंगाला, 4674 में मिला लार्वा, 2375 को थमाया नोटिस
जिले में 3235 संदिग्ध मरीजों में से अब तक मिल चुके 35 डेंगू पॉजिटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अब डेंगू ने तेजी से अपने पांव पसार लिए हैं। लगातार दूसरे दिन तीन केस आने के बाद जिले में डेंगू का आंकड़ा 35 पर पहुंच चुका है। गनीमत ये है कि अभी तक किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। जहां अगस्त में 11 केस मिले थे वहीं सितंबर के 10 दिनों में ही 14 केस सामने आ चुके हैं। अभी माह समाप्त होने के 20 दिन अभी बाकी हैं ऐसे में डेंगू के केस बढ़ने की संभावना है।
जिले में स्वास्थ्य विभाग की गठित टीमों ने पिछले आठ माह 10 दिनों तक आठ लाख 79 हजार 559 घरों में डेंगू का लार्वा खंगाला। इनमें से 4674 घरों में लार्वा मिला और 2375 मकान मालिकों को नोटिस थमाया गया है। विभाग की टीमें अलर्ट मोड में रोजाना घर-घर जाकर मच्छर का लार्वा नष्ट करवा रही हैं। इसके साथ ही आमजन को डेंगू से बचाव बारे सचेत भी किया जा रहा है।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की गठित टीमों ने मंगलवार को 6477 घरों को कवर किया। इसमें अभी तक 31 घरों में लार्वा मिला और टीमों ने 18 मकान मालिकों को नोटिस थमाया हैं। वहीं, जिले में बुखार से पीड़ित कुल 3235 संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है।
इनमें से जिले में अब तक 35 डेंगू के केस आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि सभी तरह का बुखार डेंगू नहीं होता है। बुखार होने पर बिना समय गंवाए डॉक्टर से संपर्क करें। उनकी सलाह से ही आगे इलाज करवाएं। डेंगू होने की स्थिति में सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। संवाद
रविवार को मनाए ड्राई डे -
मलेरिया विंग से बायोलॉजिस्ट पिंकी ने आमजन को रविवार को अपने घर में ड्राई डे के तौर पर मनाने व सभी पानी के बर्तनों, कूलर, टंकी, फ्रिज ट्रे, गमलों इत्यादि को खाली करके सुखाने के लिए जागरूक किया। डेंगू रोकने के लिए घरों के आस-पास गड्ढे को मिट्टी से भरवा दें, पूरी बाजू के वस्त्र पहने, मच्छर रोधी दवा या क्रीम का उपयोग करें।कीटनाशक दवाई से उपचारित मच्छरदानी का उपयोग करें, छतों पर रखी पानी की टंकियों को ढक्कन लगाकर बंद रखें।
डेंगू के लक्षण -
डेंगू बीमारी की शुरुआत तेज बुखार और सिरदर्द और पीठ में दर्द से होती है। शुरू के दिनों में शरीर के जोड़ों में दर्द होता है। आंखें लाल हो जाती है। डेंगू बुखार दो से चार दिनों तक होता है उसके बाद शरीर का तापमान धीरे-धीरे अपने आप नॉर्मल होने लगता है। बुखार के साथ ही साथ शरीर में खून की कमी होने लगती है।
डेंगू केसों पर एक नजर
माह केस
जनवरी 01
फरवरी 01
मार्च 00
अप्रैल 01
मई 01
जून 02
जुलाई 04
अगस्त 11
सितंबर 14