माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपपा से तीन बाइक भी बरामद हुई हैं। आरोपियों ने पैसे के लालच में वारदात को अंजाम दिया था। तीनों आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट यूनिट के प्रभारी रोहतास सिंह और टीम ने पहले मामले में आरोपी राजेंद्र वासी शामली उत्तरप्रदेश को जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन का रिमांड लिया। रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की गई। यह बाइक 27 जनवरी को मुनीष वासी राजीव कॉलोनी की कर्ण पार्क से चोरी हुई थी। आरोपी आदतन अपराधी है। जिसके खिलाफ उत्तरप्रदेश में चोरी, लड़ाई झगड़े, हत्या के तहत करीब 12 और करनाल में भी चोरी के तहत एक मुकदमा दर्ज है।
दूसरे मामले में टीम ने आरोपी कर्ण वासी कुरुक्षेत्र और अमृतपाल वासी दनौरा जागीर इंद्री को बजीदा रोड से काबू किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने तरावड़ी क्षेत्र से 16 फरवरी को दीपू वासी उचानी और सिविल लाइन एरिया से 18 फरवरी को अतुल वासी सदर बाजार की बाइक चोरी की थी। दोनों के खिलाफ पहले भी चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।