माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। करीब साढ़े तीन माह पहले लघु सचिवालय के समीप महिला से सोने की चेन छीनने की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चेन बेचकर मिले तीस हजार रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सीआईए वन प्रभारी अनिल कुमार और रोहताश सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी अनिल उर्फ कालू वासी पानीपत और रजनी वासी सोनीपत को जिला कोर्ट करनाल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन का रिमांड लिया। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से शिकायतकर्ता अंजु बाला वासी सेक्टर-13 की 15 नवंबर 2023 को लघु सचिवालय के पास से छीनी गई सोने की चेन को बेचकर प्राप्त 25 हजार रुपये बरामद किए।
आरोपियों की ही निशानदेही पर श्यामलाल वासी पानीपत को भी गिरफ्तार किया गया। इसके कब्जे से पांच हजार रुपये बरामद हुए। आरोपी श्याम लाल ने छीनी गई चेन की खरीद करके आगे बेची थी। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है ौर पैसों के लालच में चोरी, स्नैचिंग आदि वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी और स्नैचिंग के कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आरोपी जेल में बंद हैं।