- एएसआई संजीव की हत्या के आरोपियों से वारदात में प्रयोग बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। स्टेट क्राइम ब्रांच में तैनात एएसआई संजीव की हत्या के मामले में सामने आया है कि जीजा-साले का कनाडा स्थित मकान को लेकर विवाद था। हालांकि पूरे मामले में एसटीएफ ने खुलासा नहीं किया है, उसका कहना है कि आरोपी जीजा राजेश के पकड़े जाने के बाद ही पूरा खुलासा होगा। वहीं दूसरी ओर एसटीएफ ने शूटरों से वारदात में प्रयोग की गई बाइक अलीगढ़ से बरामद कर ली है।
फिलहाल तीनों आरोपी छह दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। आरोपियों के रिमांड का बुधवार को चौथा दिन था। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। कुटेल गांव निवासी स्टेट क्राइम ब्रांच के एएसआई संजीव की उसके जीजा राजेश ने दो जुलाई को सुपारी देकर हत्या कराई थी। इस हत्या के पीछे कनाडा में मकान को लेकर झगड़ा बताया जा रहा है, क्योंकि एएसआई का जीजा राजेश कनाडा में पीआर है। वहीं राजेश का बेटा भी कनाडा में पढ़ाई करता है।
इस मामले में एसटीएफ ने तीन आरोपी मोहित, तुषार व खितेंद्र को गिरफ्तार किया है। इनमें से मोहित व तुषार ने एएसआई को गोली मारी थी। आरोपी राजेश ने खितेंद्र को ही अपने साले को मारने के लिए सुपारी दी थी। खितेंद्र के पास ही राजेश ने 1.95 लाख रुपये भेजे हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों से एक गाड़ी, एक पिस्टल व चार गोलियां बरामद की हैं। तीनों को पांच जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया था। जिन्हें छह जुलाई को कोर्ट में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया था।