संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रेलवे स्टेशन पर पहले युवक को उसके घर से फोन कर बुलाया, बाद में आरोपियों ने लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं पीटते हुए आरोपियों ने युवक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर गाने के साथ वायरल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना शनिवार को घरौंडा रेलवे स्टेशन पर हुई। घरौंडा की जेल कॉलोनी निवासी अनिकेत को गांव कालरम निवासी दिप्पी ने फोन करके बुलाया था। उसके साथ उसके गांव के चार लड़के और थे। वहां जाते ही अनिकेत पर आरोपियों ने लाठी, डंडों व चाकू से वार कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चार आरोपी उस पर लाठी- डंडों से वार करते रहे। जबकि एक युवक उसके पीटने की वीडियो बना रहा था। जब युवक ने शोर मचाया तो आरोपी भाग निकले। आरोपियों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो में आरोपियों ने गाना भी लगाया है। इंस्टाग्राम पर यह वीडियो दिप्पी बाबा के अकाउंट से वायरल हो रहा है। वीडियो में अनिकेत को लाठी-डंडों से पीटा जा रहा है। वह अपनी जान बचाने के लिए भागा भी, लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और जमीन पर गिराकर उसे पीटते रहे। आरोपियों ने वीडियो में गाना लगाया है मैं गुंडा, कातिल, जेल से भागा हुआ मुजरिम, सराफ की किताब में मुझे खलनायक कहते हैं। घरौंडा एसएचओ सज्जन कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।