करनाल। बृहस्पतिवार को भी दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। जिससे शहर व कस्बों में जलभराव की स्थिति बन गई। शहर के मुगल कैनाल सहित कई प्रमुख सड़कों की मरम्मत कार्य की कलई खुल गई। सड़कों पर बड़े बड़े गड्ढे नजर आने लगे। जिससे लोगों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शुक्रवार को भी मौसम रिमझिम बारिश वाला ही रहने की संभावना है।
बुधवार की तरह बृहस्पतिवार को भी सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। जिससे बाजारों में दिनभर सन्नाटे की स्थिति रही। आवागमन भी प्रभावित रहा। सरकारी कार्यालयों में भी लोगों की आवाजाही नाममात्र को ही रही। कई इलाकों में झमाझम बारिश से सड़कों पर जलभराव हो जाने आवागमन में दिक्कतें आई। रिमझिम बारिश ने शहर की कई सड़कों को भारी नुकसान पहुंचाया। मुगल कैनाल मुख्य बाजार की दोनों ओर सड़क का तो आलम ये हो गया कि सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे बन गए। जिससे निकलना भी दूभर हो रहा है। हालांकि नगर निगम ने दो दिन पहले ही बारिश से खराब हुई सड़कों का सर्वे करके मरम्मत कराने के लिए टेंडर जारी करने के दिशा निर्देश हैं। कुंजपुरा रोड पर भी कई स्थानों पर सड़क टूट चुकी है। जिससे लोगों को मुख्य बाजार पहुंचने में भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बारिश ने अब खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से धान की फसल कई स्थानों पर गिर गई है। जिसमें किसानों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका उत्पन्न हो गई है।