जिले में धूमधाम से मनाई श्री कृष्ण जन्माष्टमी, श्री सेवक सभा की ओर से निकाली गई शोभायात्रा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में कान्हां के भजन गूंजते रहे। जगह-जगह शोभायात्राएं निकाली गईं। इधर करनाल शहर में श्री सेवक सभा की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू हुई, जिसे महापौर रेणु बाला गुप्ता और लिबर्टी के एमडी शम्मी बंसल ने कन्हैया की आरती करने के बाद रवाना किया।
शोभायात्रा में बैंड बाजे की टोलियां और देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल ताशे की थाप पर श्रद्धालु नाचते हुए साथ-साथ चले। श्री गणेश जी, जेल में विष्णु-देवकी जी, वासुदेव यमुना जी में, माखन चोर, यशोदा कृष्ण, बगीचे में राधा कृष्ण, एक राधा एक मीरा, चांद में कृष्ण जी, झारखंडी मंदिर, मीरा के गिरधर गोपाल, सुदामा रोड शो, भारत माता, श्याम बाबा, राधा कृष्ण रथ, अर्जुन कृष्ण रथ व झूले पर लड्डू गोपाल विराजमान की झांकियों ने सबका मन मोह लिया।
अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेवी आरएल बंसल, बृजलाल गर्ग, सुभाष बंसल, नरेंद्र गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, बृज बिहारी सिंघल, अमरनाथ गुप्ता, प्रवीण मित्तल व नरेंद्र गोयल ने शिरकत की। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई सेवक सभा मंदिर पहुंची। जगह-जगह दुकानदारों, व्यापारियों और लोगों ने भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथिगणों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधान देसराज गुप्ता ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सबका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संरक्षक रमेश चंद गुप्ता, पद्मसेन गुप्ता, जयप्रकाश गर्ग, मिठ्ठनलाल, प्रधान देसराज गुप्ता, महासचिव विनोद गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता, शोभायात्रा प्रबंधक रविंद्र बंसल आदि मौजूद रहे।