संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। सीवर लाइन लीक होने और बरसाती पानी की वजह से डोडवा काॅलोनी की ओर जाने वाली सड़क सोमवार को धंस गई है। इसका निर्माण दो महीने पहले हुआ था। सीवर लाइन के लीक होने और दो दिन पहले हुई बरसात के पानी की वजह से सड़क की मिट्टी बैठ गई। इसके धंसने से सड़क के बीचो बीच एक बड़ा गड्ढा बन गया। काॅलोनी के रहने वाले मेहर सिंह नंबदार, कृष्ण लाल, चिमन लाल रहने वालों ने बताया कि दो महीने पहले काॅलोनी में सीवरेज के पाइप बिछाए गए थे। उसके बाद नगरपालिका द्वारा इंटरलाकिंग टाइल की सड़क बनाई गई थी। जो इस बरसात में सीवरेज के मैनहोल के पास से पूरी तरह से धंस गई है। इस जगह पर किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर रात के समय वार्ड में आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में नपा सचिव अजीत कुमार से बात की तो उन्होंने कहा कि सीवरेज लीक होने के कारण यह सड़क नीचे धंसी है या अन्य किसी कारण से इसकी जांच की जाएगी। जनस्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा जाएगा कि पहले सीवरेज के पाइप को ठीक करें और उसके बाद सड़क का दोबारा निर्माण करवाया जाएगा।