करनाल। रोडवेज की ओर से बसों के किराये को राउंड फिगर कर दिया गया है। इससे करनाल डिपो से चलने वाली बसों में कई मार्गों पर किराया घटा है तो कहीं बढ़ा है। इसका असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा। नई व्यवस्था लागू करने के बाद करनाल से दिल्ली, पानीपत, कुरुक्षेत्र और हिसार जाना तो सस्ता हुआ है, जबकि कैथल, सिरसा, शामली सहित कई जिलों और ग्रामीण मार्गों पर सफर महंगा हुआ है।
निदेशालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार करनाल डिपो की ओर से 25 रुपये से कम के किराये (मूल किराया व टोल टैक्स) को हरियाणा क्षेत्र में अगले एक रुपये के पूर्णांक में और 25 रुपये से अधिक के किराये को निकटतम पांच रुपये के पूर्णांक में राउंड फिगर करने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में जिन मार्गों पर किराया घटाया गया है, वहां एक व दो रुपये कम हुआ है। वहीं, जिन मार्गों पर किराया बढ़ा है, वहां यदि टोल मार्ग है तो एक से चार रुपये तक किराये में इजाफा भी हुआ है। विभाग के इस निर्णय से बसों में टिकट लेने के समय परिचालकों से खुले पैसे को लेकर होने वाले विवाद खत्म होंगे। सबसे ज्यादा ग्रामीण मार्ग पर चलने वाली बसों में ऐसे विवाद होते थे, क्योंकि दो या तीन रुपये खुले न होने के कारण सवारियां परिचालकों से भी उलझ जाती थी। जिले में सभी मार्गों को मिलाकर रोडवेज की 111 बसें 250 से ज्यादा रोटेशन में फेरे लगाती हैं। इन बसों में करीब 30 हजार सवारियां पूरे दिन में सफर करती हैं।
कार्ड से टिकट लिया तो मिलेगी पांच प्रतिशत छूट
निर्देशों में जहां किराये को राउंड फिगर में करने की बात की गई है। वहीं, एनसीएमसी से किराये का भुगतान करने वाले यात्रियों को मूल किराये में पांच प्रतिशत की छूट देने का भी निर्णय लिया गया है। फिलहाल रोडवेज बसों में एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) से टिकट लेने वाली सवारियों की संख्या नाम मात्र ही है। इस दिशा में लोगों का रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से भी विभाग की ओर से छूट का एलान किया गया है। रोडवेज की बसों में करनाल में पायलट प्रोजेक्ट पर ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीन) लागू किया गया है। फिलहाल यह व्यवस्था 70 बसों में ही लागू हो पाई है। टोल रोड होने के कारण कई मार्गों पर मशीन टिकट का रेट टोल को मिलाकर काटती है। ऐसे में सवारियों के साथ विवाद भी होता है। इस तरह की व्यवस्था को भी ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से मार्गों का किराया राउंड फिगर में करने का निर्णय लिया है। चिड़ाव मार्ग पर भी ईटीएम और ऑफलाइन किराये में तीन रुपये का अंतर था।
इन मार्गों पर घटा किराया
मार्ग
पहले
अब
हिसार
202
200
दिल्ली
141
140
पानीपत
47
45
कुरुक्षेत्र
46
45
ढांड
46
45
कैमला
31
30
-
यहां बढ़ा किराया
मार्ग
पहले
अब
सिरसा
256
260
कैथल
62
65
शामली
60
65
सफीदों
79
80
रसीना
40
45
गोंदर
28
30
रुकसाना
38
40
इच्छनपुर
38
40
अलीपुर
26
30
डाचर
31
35
फोटो 104
निदेशालय के निर्णय पर 25 रुपये को आधार मानकर बसों के किराये को राउंड फिगर में किया गया है। इससे कुछ मार्गों के किराये में जहां हल्का इजाफा हुआ है। वहीं, कई मार्गों पर किराया घटा भी है। एनसीएमसी से टिकट लेने वाले यात्रियों को पांच प्रतिशत छूट भी दी जाएगी।
- कुलदीप सिंह, जीएम, रोडवेज करनाल