करनाल। सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए ड्यूटी के दौरान मानवता की सेवा करने का यह अच्छा अवसर है। इसलिए ड्यूटी के साथ रैन बसेरों में उचित व्यवस्थाओं को बनाए रखें। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने लघु सचिवालय के सभागार में सभी एसडीएम, जिला रेडक्रॉस सचिव एवं अधिकारियों की बैठक में कही। सभी एसडीएम को निर्देश दिया कि अपने सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाले शहर और कस्बों में रैन बसेरों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इनमें कंबल, गद्दे और गर्म पानी की सुविधा भी हो। उन्होंने कहा कि शहर में पांच रैन बसेरे हैं। नगर निगम की टीमें रात के समय सड़कों पर और पुलों के नीचे रह रहे गरीब लोगों को रैन बसेरों में शिफ्ट करने का कार्य कर रही हैं। रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों के लिए सुबह चाय और खाने की व्यवस्था संस्थाएं कर रही हैं। इसी तर्ज पर सब डिवीजनों में स्थापित रैन बसेरों में व्यवस्था करवाएं ताकि ठंड के कारण किसी भी गरीब मृत्यु न हो। उन्होंने कहा कि रैन बसेरों को 24 घंटे खुला रखें ताकि जरूरतमंद दिन में भी आकर इनमें विश्राम कर सकें। इस मौके पर एसडीएम करनाल गौरव कुमार, एसडीएम घरौंडा डॉ. पूजा भारती, एसडीएम इंद्री सुमित सिहाग, एसडीएम असंध मनदीप कुमार, निगम के संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह, नगराधीश अभय सिंह, कुलबीर मलिक मौजूद रहे।