अंबाला। छावनी में उपमंडल कार्यालय के भवन का बेसमेंट 15 दिनों से तालाब बना है। इसके बाद भी कोई भी अधिकारी पानी निकासी के लिए ध्यान नहीं दे रहा है। छावनी के लोगों को एक ही छत के नीचे सभी विभागों की सुविधा देने के लिए करोड़ों की लागत से उपमंडल कार्यालय के भवन का निर्माण कराया।
इसके साथ ही बेसमेंट का भी निर्माण कराया। इससे लोग अपने वाहनों को धूप और बारिश से बचाने के लिए इस बेसमेंट में खड़ा कर सकें। बता दें कि इस तीन मंजिला उपमंडल भवन के बेसमेंट में 15 दिनों से तालाब बना है। कई बार लोगों को पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। बेसमेंट में पानी भरा होने के कारण कर्मचारी और छात्र अपने वाहन खड़े नहीं कर पा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि वह अक्सर अपने वाहन बेसमेंट में खड़ा करते थे लेकिन 15 दिन से ज्यादा का समय बीत गया है, बेसमेंट में पानी भरा हुआ है।
इन विभागों के कार्यालय है इस भवन में
एसडीएम कार्यालय, टिब्यूनल कोर्ट, अंत्योदय सरल केंद्र, आधार सेंटर, तहसील, नगर परिषद कार्यालय, सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी, राशन कार्ड कार्यालय, पैंशन कार्यालय, शिक्षा विभाग कार्यालय, वोटर कार्ड कार्यालय, आरटीए कार्यालय, डीएसपी कार्यालय, जीएसटी कार्यालय, एमएसएमई कार्यालय, एक्साइज एंड टेक्सेशन कार्यालय, खनन विभाग कार्यालय, मापतोल विभाग, श्रम विभाग, आंगनबाड़ी कार्यालय व अन्य कार्यालय है। रोजाना हजारों की संख्या में लोग अपने अपने काम करवाने के लिए विभिन्न विभागों में आते हैं।
वर्जन
बेसमेंट में पिछले कई दिनों से पानी भरा हुआ है। कुछ दिन पहले मोटर लगाकर पानी निकाला गया था। इसके साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को पानी के बारे में सूचना दे दी गई है। जल्द ही पानी निकासी करवा देंगे।
सुनील कुमार, नायब तहसीलदार, अंबाला छावनी।
वर्जन
एसडीएम कार्यालय की बिल्डिंग में पानी के भरे होने की सूचना मेरे संज्ञान में नहीं है। अधिकारी को भेजकर चेक करवाया जाएगा और पानी निकासी का प्रबंध कर दिया जाएगा।
रितेश अग्रवाल, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग , अंबाला छावनी