संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नई अनाज मंडी में पीट-पीट कर युवक की हत्या करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार बुधवार को उन्हें सूचना मिली थी कि नई अनाज मंडी में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर जाकर जांच की तो पता चला कि वह शव कर्ण निवासी कटाबाग का है। इसकी सूचना परिजनों को दी। मृतक के चाचा की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
शहर थाना प्रभारी सुल्तान के अनुसार मामले की जांच की तो पता चला कि मृतक के साथ उसका दोस्त पवन भी था। पुलिस ने पवन से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह नई अनाज मंडी में कर्ण के साथ गेहूं की बोरियों पर बैठा था तभी वहां पर मंडी के चौकीदार आए और उनके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान वह तो भाग निकला मगर कर्ण को चौकीदारों ने बुरी तरह पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी दीपक निवासी चांद सराय जुंडला गेट, नरेश निवासी हथलाना थाना निसिंग, मनीश निवासी कुटेल, जगदीश निवासी तरावड़ी और पंकज निवासी लालुपुरा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी का शक होने पर मृतक कर्ण व उसके दोस्त को पकड़कर मारपीट की थी।