कर्ण गेट बाजार में शनिवार को एक युवक को दुकान के सामने से पंफ्लेट बांटने से मना किया तो तनाव बढ़ गया। सिटी थाना पुलिस ने मौके पर आकर लोगों को शांत कराया। बाजार में एक घंटे तक लोगों की भीड़ रही और दुकानदारों ने बीचबचाव करके भीड़ को हटाया। कर्ण गेट बाजार में एक युवक एक ज्वेलर्स के पंफ्लेट बांट रहा था। इस युवक को दुकानदार ने कहा कि वह पंफ्लेट उसकी दुकान के सामने न बांटे। इससे ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है। युवक ने ज्वेलर्स को सूचना दी। इस पर ज्वेलर्स अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया और दोनों पक्षों में बहस होने लगी। भीड़ एकत्रित होने से बाजार में जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।