संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर के ब्रह्मानंद चौक पर स्थित मिठाई की दुकान में घुसे चार-पांच युवकों ने खुद को सीआईए वन के सदस्य बताकर गल्ले से 18 हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
रामदेव कॉलोनी निवासी कृष्ण ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी ब्रह्मानंद चौक पर मिठाई की दुकान है। 25 अक्तूबर को करीब चार बजे वह अपनी दुकान पर अपनी माता व भतीजे को छोड़कर किसी निजी काम से बाहर चला गया था। दुकान पर गल्ले में करीब 18 हजार रुपये की नकदी थी। इसी दौरान चार-पांच युवक उसकी दुकान पर आए और उन्हें दुकान पर लिखे नंबर से उसके भाई कृष्ण को फोन किया। कहा कि वह सीआईए वन से बोल रहा है। दुकान पर उसका बेटा ज्यादा रेट लगा रहा है। इसे कहना कि रेट ठीक लगा ले। कृष्ण ने अपने बेटे से कहा कि सही रेट लगा देना। बाद में जब वह दुकान पर पहुंचा तो गल्ले से 18 हजार रुपये गायब थे। उसने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो चार-पांच युवकों में से एक गल्ले से रुपये निकालते दिखाई दिया।