- राज्यमंत्री के समक्ष सरपंच ने लगाए घरौंडा तहसीलदार पर अभद्रता के आरोप, पास में बैठे विधायक भी बोले- ठीक नहीं इनका व्यवहार
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कष्ट निवारण समिति की बैठक संपन्न होने के बाद जैसे ही राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने आमजन की समस्याएं सुननी शुरू की तो पीर बड़ौली गांव के सरपंच ने घरौंडा तहसीलदार पर अभद्रता के आरोप लगाए। उन्होंने लिखित शिकायत देते हुए कहा कि तहसीलदार ने उन्हें अपने कार्यालय से अभद्रता करते हुए बाहर भेजा है।
इस पर मंत्री नाराज हो गए और तहसीलदार को मौके पर बुलाया। हालांकि तहसीलदार बैठक में उपस्थित नहीं थे। उन्हें मौके पर बुलाकर राज्यमंत्री ने करीब 20 मिनट तक मामले को सुना और उन्हें जमकर फटकार लगाई। इसके बाद तहसीलदार को माफी मांगनी पड़ी। वहीं बैठक से बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर राज्यमंत्री ने उपायुक्त से तहसीलदार को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण लेने के भी निर्देश दिए।
सरपंच सोनू ने बताया कि वे किसी काम से तहसीलदार के कार्यालय गए थे। आरोप लगने पर राज्यमंत्री के पास बैठे घरौंडा विधायक ने भी आरोपों की पैरवी करते हुए तहसीलदार का व्यवहार ठीक न होने की बात कही। विधायक ने भी तहसीलदार को जनता के साथ ठीक व्यवहार करने की नसीहत दी।
अगली बार पहले लूंगा हाजिरी
राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने अपनी पहली बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की सोच है कि कार्यालयों में आने वाले शिकायतकर्ता की तुरंत सुनवाई की जाए और पूरा मान सम्मान दिया जाए। अगर अधिकारी सरकार की सोच के विपरीत नागरिकों के साथ ठीक व्यवहार नहीं करेंगे तो संबंधित अधिकारी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसलिए अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में परिवर्तन लाना होगा।
इतना ही नहीं सभी विभागों के एचओडी बैठक में समय पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे, अगर कोई अधिकारी बिना बताए गैर हाजिर रहा तो विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगली बार बैठक की शुरुआत में हाजिरी लिया करूंगा।
करनाल का औचक निरीक्षण कर परखूंगा स्वच्छता
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि करनाल शहर में स्वच्छता पर विशेष फोकस और गंभीरता के साथ कार्य किया जाए। अगर किसी अधिकारी और कर्मचारी ने करनाल की स्वच्छता में ग्रहण लगाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे भविष्य में करनाल में औचक निरीक्षण भी करेंगे। तब स्वच्छता को परखा जाएगा।