रामनगर थाना क्षेत्र में एक किशोरी ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। करीब 16 साल की किशोरी के जहरीला पदार्थ निगलते ही परिजनों ने उसे बुधवार की रात सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि किशोरी का किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्यार में धोखा मिलने पर किशोरी ने यह कदम उठाया है। हालांकि पुलिस के सामने अभी तक इसके संदर्भ में कोई शिकायत नहीं आई है। किशोरी अपनी बहन व मां के साथ रहती थी। वह किसी कंपनी में काम करती थी। उसकी बहन व मां मजदूरी करती हैं।