करनाल। शिक्षा विभाग ने जिले के सरकारी स्कूलों में दसवीं और बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए योजना तैयार की है। इसमें शिक्षकों व अभिभावकों को भी जिम्मेदारी से भूमिका का निर्वहन करना होगा। शिक्षक हरियाणा बोर्ड की परीक्षा देने वाले कमजोर विद्यार्थियों पर निगरानी रखेंगे। इसके अलावा स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं भी लगाई जाएंगी।
पिछले वर्ष के मुकाबले प्रदेश भर में हरियाणा बोर्ड का दसवीं का परीक्षा परिणाम 20.7 प्रतिशत कम रहा। कक्षा बारहवीं का परीक्षा परिणाम 1.75 प्रतिशत कम रहा। परीक्षा परिणामों में गिरावट को देखते हुए विभाग ने परीक्षा परिणाम को सुधारने के लिए स्कूल मुखियाओं को समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ विद्यार्थियों की निगरानी के निर्देश जारी किए हैं। स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं से पहले शिक्षक व अभिभावक बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें शिक्षक अभिभावकों को विद्यार्थियों की उन्नति की रिपोर्ट देंगे और किस विषय में विद्यार्थी दक्ष व कमजोर हैं, उसके बारे में चर्चा करेंगे। अभिभावकों को परीक्षा के दौरान बच्चों को कैसे तनाव से दूर रखें व परीक्षा की तैयारी बेहतर तरीके से कैसे करें, इस बारे में जानकारी देंगे। अभिभावकों को बताया जाएगा कि कैसे परीक्षा परिणाम आने पर उन्हें अपने बच्चों को भविष्य के सुनहरे अवसरों से अवगत करवाना है। ब्यूरो
बॉक्स
तनाव दूर करने के गुर भी बताएंगे शिक्षक
एक्शन प्लान के तहत स्कूल मुखियाओं को बोर्ड परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों की प्रोग्रेस रिपोर्ट पर विशेष ध्यान देना होगा। शिक्षक को कक्षा में विद्यार्थी किस विषय में निपुण व किस विषय में कमजोर हैं, यह देखते हुए उस पर अतिरिक्त ध्यान देने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा शिक्षक बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों में तनाव दूर करने के टिप्स देने के साथ परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगे।
बॉक्स
यह रही थी परिणाम की स्थिति
- कक्षा 12वीं : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 2023 में पिछले चार वर्षों के मुकाबले गिरा। 2022 के 87.62 प्रतिशत परीक्षा परिणाम के आधार पर इस बार जिले को 92 प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाने का लक्ष्य दिया था। मगर करनाल जिले के विद्यार्थी 83.50 प्रतिशत परिणाम ही ला पाए, जोकि 2019 के बाद से अब तक का सबसे कम है।
- कक्षा 10वीं : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम को 2022 से 12.52 प्रतिशत बढ़ाकर 80 फीसदी लाने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन 2023 में परीक्षा परिणाम 3.19 फीसदी घट गया। 2022 में 67.48 प्रतिशत रिजल्ट रहा था। जबकि 2023 में घटकर 64.29 प्रतिशत हो गया।
वर्जन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग ने एक्शन प्लान बनाया है। इसमें सभी स्कूलों के मुखियाओं को बोर्ड परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को तैयार करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों को कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने व समय से पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए कहा गया है। स्कूलों में बोर्ड परीक्षा परिणाम को सुधारने के लिए विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। - राजपाल चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी।