संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शादी में लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी ससुराल वालों द्वारा दो करोड़ रुपये मांगने का मामला सामने आया है। यही नहीं इसके बाद विवाहिता को सिंगापुर ले जाकर मारपीट की गई। महिला ने पति, ससुर और सास के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
करनाल की रहने वाली विवाहिता ने बताया कि उसके पिता के दोस्त ने यूपी के साहिबाबाद निवासी सौरव वर्मा से 2022 में शादी कराई थी। शादी से पहले बताया था कि सौरव सिंगापुर में 14 लाख रुपये प्रतिमाह के वेतन पर नौकरी करता है। शादी में 11 लाख रुपये की एफडी, पांच लाख रुपये नकद और 20 तोला सोना दिया था। मगर शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग परेशान करने लगे। बाद में पत्नी उसे छोड़कर सिंगापुर चला गया। पत्नी से कहा कि वह वीजा बनवाकर बाद में साथ ले जाएगा।
बाद में ससुराल पक्ष के लोगों ने कहा कि सिंगापुर जाना है तो विवाहिता को अपना प्लॉट बेचना पड़ेगा। विवाहिता के मायके वालों ने बेटी को सिंगापुर भेजने के लिए किसी तरह पैसों का इंतजाम किया। जिसके बाद उनकी बेटी ससुर संदीप और सास रेनुका के साथ सिंगापुर चली गई। उसके बाद विदेश में ले जाकर विवाहिता को काफी परेशान किया गया। उसका वीजा और ई-मेल आइडी का पासवर्ड भी बदल दिया। शादी का प्रमाणपत्र जब्त कर लिया और दो करोड़ रुपये की मांग की। विवाहिता का आरोप है कि सिंगापुर में उसको ले जाकर सास, ससुर और उसके पति ने प्रताड़ित किया। ससुर ने उसके साथ छेड़छाड़ की।