करनाल। पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए लाइनमैन को विजिलेंस पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विदित हो कि गांव बालू के पूर्व सरपंच गुरलाल सिंह ने रिश्वत मांगने की शिकायत विजिलेंस को दी थी। शिकायत के अनुसार 23 जनवरी को गांव की हरिजन चौपाल के पास स्थित जनस्वास्थ्य विभाग के ट्यूबवेल पर लगा ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसे बदलने के लिए जेई का कार्यभार संभाल रहे लाइनमैन गांव खेड़ा निवासी अमित कुमार ने उनसे पांच हजार रुपये मांगे। जब ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो कहा गया कि गांव में लोगों से एकत्रित करके राशि दी जाएगी। इसके बाद वीरवार को लाइनमैन को गांव औंगद में यह राशि देने के लिए बुलाया गया। यहां निरीक्षक सचिन कुमार के नेतृत्व में टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाने में लाने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।