- पुराने पाइप लीकेज के कारण नालियों व सीवरेज का पानी घरों तक पहुंच रहा, 20 गांवों में भी दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण शहर के लोग स्वच्छ पेयजल को तरस रहे हैं। घरों में गंदे पानी की आपूर्ति होने के कारण हैजा व डायरिया फैलने का खतरा है। यही नहीं कई गांवों में भी यही स्थिति है।
शहर की जिन कॉलोनियों व गांवों में जलघरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है उन पाइपों की मियाद खत्म हो गई है। इस कारण जगह-जगह से लीकेज होकर नालियों व सीवरेज का पानी घरों तक पहुंच रहा है। जिले के करीब 20 गांवों व शहर की सात कॉलोनियों के लोग इस कारण परेशान हैं।
करीब एक माह पहले कुंजपुरा गांव में पाइपलाइन में लीकेज के कारण गांव में दूषित जल की आपूर्ति से डायरिया फैल गया था और तीन लोगों की मौत हो गई थी। गांव के स्वास्थ्य केंद्र पर गले व सांस की समस्या से पीड़ित सैकड़ों ग्रामीण इलाज के लिए पहुंचे थे। ग्रामीणों का कहना है कि जनस्वास्थ्य विभाग ने शुरुआत में ही उच्च गुणवत्ता की पाइपलाइनों को गहराई में सही ढंग से दबाया होता तो यह समस्या न होती। शहर व गांवों में गलियों को उखाड़कर किए जा रहे अवैध कनेक्शन भी इसका मुख्य कारण है। विभाग की ओर से इस पर नकेल कसी जानी चाहिए।
ज्यादा आबादी वाले बड़े गांव भी पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीण समस्या के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन जनस्वास्थ्य विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मोटर की मदद से पानी की आपूर्ति की जाती है। जिन गलियों में लाइन नहीं बिछाई गई है, वहां रहने वाले लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। गांवों की आपूर्ति पाइपलाइन से होने के कारण मोटर खराब होने पर शहर ही नहीं गावों में भी जल संकट गहरा जाता है।
शहर की इन कॉलोनियों में ज्यादा दिक्कत
शहर के आरके पुरम, आरके पुरम पार्ट दो, राजीव पुरम, वसंत विहार, छोटी मंगलपुर, बागपति, शक्ति पुरम, भगवती कॉलोनी, बलजीत एन्क्लेट, कर्ण विहार, शिव कॉलोनी, प्रेमनगर।
इन गांवों में बढ़ी परेशानी
दनियालपुर, कुलवेहड़ी, मैनमती, बड़ागांव, नेवल, महमदपुर, कुंजपुरा, सुभरी, नलवी कलां, बजीदपुर व करनाल खंड के टीकरी, टपराना, सलारू, दरड़, संगोहा, संगोही, कुराली, रंबा, अब्दुलापुर।
पाइपलाइनों में लीकेज की समस्या नई नहीं है। ग्रामीण क्षेत्र में लोगों की ओर से बिना पूर्व सूचना के गलियों को उखाड़ कर खुद ही पाइपलाइन दबाने के कारण लीकेज हो जाती है। कई बार गलियों के निर्माण व सीवरेज के दबाते समय भी पाइपलाइन टूट जाती है। ऐसी समस्या के समाधान के लिए 1800-180-5678 टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
- नितांत गुप्ता, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग
गंदा पानी पीने को मजबूर
शिव कॉलोनी में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। कई बार नगर निगम कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं लेकिन समस्या ज्यों की त्यों है। यहां के बाशिंदे गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए।
- संजय
नहाने लायक भी नहीं है पानी
आरकेपुरम पार्ट दो में पाइपलाइन लीकेज की समस्या लंबे समय से बनी है। मंगलपुर की पिछली साइड में कई घरों में पानी खराब आ रहा है। सुबह के समय पानी में मिट्टी व गंदगी आती है। यह न पीने लायक रहता है न नहाने के लायक।
- ज्ञानचंद
समस्या का हो समाधान
शहर के आस-पास लगते गांवों में पानी आपूर्ति की पाइपलाइन काफी पुरानी हो गई है। इस कारण घरों में गंदा पानी आ रहा है। इस बारे में ग्राम पंचायत के सरपंच को कहते हैं तो वह कहते हैं कि टयूबवेल ऑपरेटर ही इस लीकेज का समाधान करवाएंगे।
- विजय
पास में लगती ड्रेन के कारण बनी समस्या
दनियालपुर रोड स्थित भगवती कॉलोनी व बलजीत एन्कलेव में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। यहां पास लगती ड्रेन के कारण पाइपलाइन में लीकेज की समस्या काफी दिनों से बनी हुई है।
- नीरज