- सुपर-100 पहले चरण का परिणाम जारी, 2029 विद्यार्थी दूसरे चरण में लेंगे हिस्सा, 600 का होगा चयन
- प्रदेश में आठवें नंबर पर आया करनाल, महज 82 विद्यार्थी हुए पास, नौ अप्रैल को दूसरे चरण की परीक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सुपर-100 के तहत चयनित विद्यार्थियों को इस बार विकल्प फाउंडेशन की ओर से कुरुक्षेत्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्था की ओर से इस बार रेवाड़ी में चल रहे केंद्र को कुरुक्षेत्र में शिफ्ट किया जा रहा है। सुपर-100 के तहत दो चरणों की परीक्षा के बाद कुल 600 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। पहले चरण का परिणाम जारी हो चुका है।
प्रदेश भर से कुल 2029 विद्यार्थियों ने पहले चरण की परीक्षा पास की है। अब उन्हें प्रस्तावित नौ अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण की परीक्षा में हिस्सा लेना होगा। इस चरण के दौरान विद्यार्थियों को संस्था के केंद्र में तीन दिन का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के आधार पर ही परीक्षा में सवाल पूछे जाएंगे। विदित हो कि छह फरवरी को सुपर-100 के पहले चरण की परीक्षा आयोजित हुई थी। परिणाम में सर्वाधिक 244 विद्यार्थी हिसार के पास हुए हैं। जबकि करनाल जिला प्रदेश में आठवें नंबर पर है, यहां के केवल 82 विद्यार्थियों को ही सफलता मिली है।
चयनित विद्यार्थियों को मिलेंगे ये लाभ
- राजकीय स्कूलों के छात्र सरकार की मदद से अपनी उच्च शिक्षा जैसे मेडिकल और इंजीनियरिंग कोचिंग मुफ्त में प्राप्त कर सकेंगे।
- एनईईटी और जेईई में अध्ययन करने के इच्छुक छात्रों को मुफ्त की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
- छात्रों को मुफ्त बोर्डिंग और लॉन्चिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इन 200 विद्यार्थियों को मिलेगा मौका
विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, बैच 2024-26 के लिए कुल 600 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इनमें से मुख्य सूची में शामिल करके 400 विद्यार्थियों को आवासीय कोचिंग दी जाएगी और 200 विद्यार्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा जाएगा। इन्हें आनलाइन माध्यम से कोचिंग दी जाएगी। यदि मुख्य सूची का कोई विद्यार्थी आवासीय कोचिंग छोड़ देता है या अपना दाखिला रद्द करवाता है तो प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों को आवासीय कोचिंग में शामिल किया जाएगा।
करनाल में ड्रोन संधु ने किया टॉप
करनाल जिले में जीएमएसएसएसएस मॉडल टाउन के ड्रोन संधु ने सर्वाधिक 110 अंक से टॉप किया। वहीं जीएमएसएसएसएस तरावड़ी की गुंजन 86 अंक से द्वितीय, अराड़ाना के शब्द 85 अंक से तृतीय रहे। इसके अलावा ब्याना स्कूल के सर्वाधिक पांच, घरौंडा के चार और कलवेहड़ी के तीन विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की।
हिसार के सर्वाधिक, पलवल के सबसे कम विद्यार्थी पास
जिला
विद्यार्थी
हिसार
244
फतेहाबाद
164
जींद
157
सिरसा
149
कैथल
140
भिवानी
134
गुरुग्राम
130
फरीदाबाद
82
करनाल
82
रेवाड़ी
78
पानीपत
77
सोनीपत
75
महेंद्रगढ़
73
अंबाला
69
झज्जर
65
नूंह
53
रोहतक
51
पंचकूला
49
कुरुक्षेत्र
45
यमुनानगर
42
पलवल
35
चरखीदादरी
35
लेवल-2 की परीक्षा विकल्प फाउंडेशन की ओर से कुरुक्षेत्र के केंद्र में ली जाएगी। फिलहाल नौ अप्रैल को परीक्षा आयोजित करने की योजना है। करनाल से 82 विद्यार्थी पास हुए हैं।
- दीपक वर्मा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं नोडल अधिकारी सुपर-100