माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं की आगामी परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र के बाद अब गाइडलाइन भी जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को स्कूल की वर्दी में ही परीक्षा देने आना होगा। बिना वर्दी आने वाले किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा भवन में प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं जो विद्यार्थी ओपन से पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें हल्के रंग के कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है। गहरे रंग के कपड़े पहनने वाले विद्यार्थियों को भी केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
करनाल में परीक्षाओं को लेकर बोर्ड की ओर से लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिले में 23 केंद्रों पर परीक्षाएं होंगी। जिनमें 148 सीबीएसई स्कूलों के कक्षा 10वीं और 12वीं के कुल 19290 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। कक्षा 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी और 12वीं की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होगी। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रखा गया है। 148 सीबीएसई स्कूलों में 136 प्राइवेट, आठ मॉडल संस्कृति, दो केंद्रीय विद्यालय के अलावा जवाहर नवोदय विद्यालय सग्गा और सैनिक स्कूल कुंजपुरा शामिल हैं। कोविड के बाद सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं पहली बार फिजिकल मोड में आयोजित हो रही हैं। छात्र लिखित परीक्षा करीब दो साल के गैप के बाद देंगे। इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए बोर्ड ने पहले ही सैंपल पेपर जारी किए थे और परीक्षा का पैटर्न बताया था।
पहली बार राजकीय स्कूलों के विद्यार्थी देंगे परीक्षा
प्रदेश सरकार की ओर से मॉडल संस्कृति बनाए गए राजकीय स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता दिलाई गई है। इन स्कूलों के विद्यार्थियों की पहली बार सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा होगी। पहला साल होने के कारण इस बार किसी भी राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल को केंद्र नहीं बनाया गया है। परीक्षा को लेकर स्कूल प्रिंसिपल से लेकर विद्यार्थियों तक सभी को विशेष रूप से प्रारूप समझाने के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है।
10 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा संचालन को लेकर सीबीएसई ने नियम भी जारी किए हैं। जिसके अंतर्गत सुबह 10 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। सहूलियत एवं बेहतर व्यवस्था के लिए बेहतर होगा कि विद्यार्थी सुबह 9:45 बजे तक ही पहुंचने का प्रयास करें। 10.15 से 15 मिनट पेपर पढ़ने के लिए दिए जाएंगे। इसके बाद डेढ़ बजे तक पेपर पूरा करने का समय मिलेगा।
कहां कितने परीक्षा केंद्र
स्थान केंद्र
करनाल 12
घरौंडा 02
मधुबन 01
असंध 03
निसिंग 01
इंद्री 02
नीलोखेड़ी 01
तरावड़ी 01
कुल 23
सीबीएसई की ओर से परीक्षा को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी गई है। विद्यार्थियों को स्कूल की वर्दी में ही केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा के लिए केंद्र में 10 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
- डॉ. राजन लांबा, अध्यक्ष, सहोदय स्कूल कांप्लेक्स