- गंभीर हालत में अस्पताल में कराया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कॉलेज से घर जा रहे एक विद्यार्थी पर कार सवार कुछ युवकों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक बैंक में भी छिपा लेकिन आरोपियों ने उसे बैंक में ही पीट दिया। मौके पर पुलिस पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-9 निवासी जयंत ने बताया कि वह वीरवार दोपहर 1.30 बजे बाइक पर सवार होकर कॉलेज से घर की तरफ आ रहा था। जब वह सेक्टर-9 में हुड्डा मार्केट के पास पहुंचा तो एक काले रंग की कार आई। कार चालक ने मेरी बाइक के सामने कार अड़ा दी। उसमें से निखिल, लक्ष्य सहित अन्य युवक उतरे। जिनके हाथ में लाठी डंडे व हथियार थे। उन्हें देखकर वह डर गया और जान बचाने के लिए इंडियन बैंक में घुस गया लेकिन आरोपी उसके पीछे भागते हुए बैंक में ही घुस गए और हमला कर दिया। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को फोन किया।
पुलिस ने ही उसे अस्पताल में दाखिल कराया। यह वारदात बैंक के सीसीटीवी में भी कैद हो चुकी है। इस मामले में सेक्टर-32 थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जाएगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।