निसिंग-डाचर रोड पर वीरवार को बाइक व जेसीबी की टक्कर में बाइक सवार एक छात्र की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार डाचर वासी हरमन व जर्मन कस्बे के एक निजी स्कूल में पढ़ते थे। वीरवार को स्कूल की छुट्टी के बाद करीब दोपहर 2.30 बजे बाइक पर घर जा रहे थे। डाचर रोड स्थित ड्रेन के पुल के पास पहुंचे तो वहां खेतों में काम कर रही जेसीबी अचानक सड़क पर आ गयी जिससे जेसीबी व बाइक में टक्कर हो गयी। जिसमें दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए जिनको राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए करनाल रेफर कर दिया। जहां जर्मन सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गयी वहीं हरमन गंभीर बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र एक ही परिवार से संबंध रखते हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस अधिकारी नरेंद्र का कहना था कि अस्पताल से किसी प्रकार की सूचना नहीं आई इसलिए इस बारे कुछ नहीं कहा जा सकता।