करनाल। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम चार बजे वाराणसी में किसान सम्मेलन से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 17वं किश्त जारी करेंगे। इस कार्यक्रम से शहर स्थित एनडीआरआई कृषि विज्ञान केंद्र भी जुड़ेगा। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश का मुख्यमंत्री एवं करनाल के विधायक नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एडीसी व अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया।
बताते हैं कि प्रधानमंत्री इस योजना के तहत नौ करोड़ 25 लाख किसानों के खाते में 17वीं किस्त के रूप में करीब 20 हजार करोड़ रुपये की राशि डिजिटल तरीके से हस्तांतरित करेंगे। इसी कार्यक्रम को लेकर एक राज्य स्तरीय समारोह एनडीआरआई के सभागार में शाम चार बजे कृषि तथा किसान कल्याण विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र व एनडीआरआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। जिसमें किसान भी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न स्थानों पर कृषि विज्ञान केंद्रों में आयोजित समारोहों में ऑनलाइन जुड़ेंगे और देश के किसानों को अपना शुभ संदेश देंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी ने अधिकारियों की टीम के साथ समारोह स्थल एनडीआरआई के सभागार का निरीक्षण किया और प्रबंधों का जायजा लिया। इस मौके पर एसडीएम अनुभव मेहता, डीडीए डॉ. वजीर सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के इंचार्ज डॉ. पंकज कुमार, एनडीआरआई के संयुक्त निदेशक (शोध) डॉ. राजन शर्मा, संयुक्त निदेशक (एकेडमी) डॉ.एके. सिंह, वैज्ञानिक एवं संचार इंचार्ज डॉ बीएस. मीणा मौजूद रहे।