संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा (करनाल)। सड़क हादसे में घायल हरियाणा पुलिस में एसपीओ के पद पर तैनात राजबीर सिंह की पानीपत के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। एसपीओ राजबीर सिंह चार अगस्त को अपनी रिश्तेदारी में पानीपत से करनाल आ रहे थे। घरौंडा फ्लाईओवर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक के बेटे नवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता राजबीर सिंह सेना से रिटायर होकर हरियाणा पुलिस पानीपत में एसपीओ के पद पर तैनात थे। वह चार अगस्त की सुबह अपनी मोटरसाइकिल पर करनाल रिश्तेदारी में जा रहे थे। जब वे घरौंडा फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उन्हें घरौंडा सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना के बाद वह अपने पिता को वहां से छुट्टी कराकर पानीपत के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।