- कई लोगों के मतदाता सूची में भी नहीं मिले नाम तो किसी को पर्ची न मिलने से हुई परेशानी
- ज्यादातर लोगों ने मौके पर ही एप से जांच करवाकर बनवाई, फिर किया मतदान
प्रत्याशियों के बस्ते पर मतदान पर्ची बनवाने के लिए लगी भीड़।
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान को लेकर जहां लोगों में उत्साह दिखा, वहीं पर्चियां न मिलने पर उन्हें परेशानी भी झेलनी पड़ी। जिला प्रशासन की ओर से इस बार हर घर में मतदाता पहचान बूथ पर्चियां भेजने के दावे किए गए थे लेकिन ज्यादातर घरों में पर्चियां नहीं पहुंची। ऐसे में लोग बूथों पर भटकते नजर आए।
पर्चियां न मिलने पर लोगों को प्रत्याशियों के बस्ते पर दस्तक दी। यहां बस्तों पर लगी लिस्ट में अपना नाम खंगालते दिखाई दिए। इसके अलावा यहां बैठे कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की मोबाइल एप पर जांच के बाद उन्हें बूथ नंबर और भाग संख्या आदि लिखते हुए पर्चियां बनाकर दी, इसके बाद मतदान किया।
वहीं, कई लोगों के मतदाता सूची में भी नाम नहीं मिले। ऐसे में वे बिना वोट ही घर लौटे। लाइनपार क्षेत्र में प्रेमनगर, रामनगर, शिव कॉलोनी, पुराना शहर क्षेत्र में सदर बाजार, जाटो गेट, मीरा घाटी चौक और सेक्टरों में राजकीय पीजी कॉलेज, सनातन धर्म मंदिर स्कूल, मॉडल टाउन समेत अन्य बूथों पर लोग बिना मतदाता पर्ची के ही मतदान करने पहुंचे।
डेढ़ से दो घंटे तक भटके लोग
लोगों ने दोपहर को एक बजे से ढाई बजे तक मतदाता पर्ची बनवाने के लिए अलग-अलग बूथों पर चक्कर काटे। लोगों ने शिकायत की कि प्रशासन द्वारा दावा किया गया था कि मतदाताओं की पर्चियां उनके घर पर भेजी जाएंगी लेकिन पर्चियां घर पर नहीं पहुंची। प्रेमनगर निवासी अमृत, प्रीति, आंचल और सेक्टर-13 के हरी ओम, सुरेंद्र व लक्ष्मण ने बताया कि उनकी पर्ची घर पर नहीं आई। इसके अलावा मॉडल टाउन में शंकर, विवेक, प्रीति और शिव कॉलोनी के गुलशन ने बताया कि सूची में उनका नाम नहीं मिला।
पहले ही डल चुकी थी वोट
सुबह के समय एसडी मॉडल स्कूल में बने मतदान केंद्र में एक महिला ने भी वोट पहले से डले होने का आरोप लगाया। उन्होंने मौके पर पहुंची कांग्रेस प्रत्याशी को भी शिकायत की। इसके बाद अधिकारियों ने जांच की और उनका वोट भी डलवाया गया। इधर, प्रेमनगर में आशुतोष और प्रीति ने बताया कि उनका सूची में नाम नहीं था लेकिन एप पर प्रदर्शित किया। सुरेंद्र ने बताया कि उनका नाम एप पर नहीं दिखाई दिया, इसलिए वे मतदान नहीं कर पाए।