संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 10 से 14 जनवरी तक तेलंगाना के महबूबनगर में होने वाले 68वें नेशनल स्कूल हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए करनाल के बड़ौता गांव की बेटी सिमरन का चयन हरियाणा टीम में हुआ है। विदित हो कि इस प्रतियोगिता के लिए हरियाणा टीम के चयन के लिए हिसार में शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में प्रदेशभर के सभी जिलों के महिला व पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया था। कर्ण स्टेडियम के हैंडबॉल कोच उपेंद्र ने बताया कि हरियाणा टीम में इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 16 लड़के व 16 लड़कियों को शामिल किया गया है। इनमें करनाल, कैथल, जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार व सिरसा के खिलाड़ी शामिल हैं।