माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। महाग्राम योजना के तहत सालवन गांव के लोगों को शहर की तर्ज पर जलापूर्ति, सीवरेज व एसटीपी जैसी सुविधाएं जल्द मिलेगी। योजना को लेकर उपायुक्त अनीश यादव ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक की। 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एसटीपी के लिए जल्द से जल्द जगह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि महाग्राम योजना हरियाणा सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। जिसके तहत प्रदेश के बड़े गांव में शहर की तर्ज पर पर्याप्त मात्रा में जलापूर्ति, सीवरेज की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती है। असंध विधानसभा क्षेत्र के गांव सालवन को महाग्राम योजना में शामिल किया गया है। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में सीवरेज व एसटीपी लगवाया जाना प्रस्तावित है।
जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता ने बताया कि सीवरेज व एसटीपी के निर्माण कार्य पर अनुमानित 30 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव दिया जा चुका है। गांव में जो जगह उपलब्ध है उस पर शिक्षा विभाग का काबिज है। जिला शिक्षा अधिकारी जन स्वास्थ्य विभाग को यह जमीन स्थानांतरण करवाएं तथा एनओसी दें। इस अवसर पर एसडीएम असंध विरेंद्र सिंह ढुल, जिला राजस्व अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी राजपाल चौधरी, तहसीलदार असंध सुमन लत्ता, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रशांत सिलवानिया मौजूद रहे।