संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। दुर्गा अष्टमी का पर्व जिलेभर में श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने अपने अपने घरों के अलावा विभिन्न मंदिरों में कंजक पूजन किया और मां से सुख समृद्धि की कामना की। पिछले आठ दिन से चल रहे नवरात्र की अष्टमी पर श्रद्धालुओं ने कंजक पूजन कर अपना व्रत पूरा किया कन्याओं को भोजन करवाया।
मां मनसा देवी मंदिर और मां दुर्गा भवानी मंदिर में सुबह चार बजे से मां के दर्शन करने और उनको भोग लगवाने के लिए श्रद्धालु मंदिर में पहुंच गए थे जिन्हें कतार में कई कई घंटे खड़ा रहना पड़ा लेकिन मां के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु डटे रहे। अष्टमी के अवसर पर श्री खाटू श्याम मंदिर में हवन और भंडारे का आयोजन किया गया।
हवन में पंडित विनोद शास्त्री, दीपक पांडेय ने मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, रामकिशन, राजेश सिंघला, रामकरण गोयल, कृष्ण मित्तल, विनोद गोयल, अनिल गर्ग, सुनील गर्ग, महिन्द्र गुप्ता, विनोद गुप्ता ओर पवन गुप्ता के साथ अन्य श्रद्धालु से आहुतियां डलवा कर विश्व शांति की कामना की गई। हवन के बाद आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिरों में सुबह से उमड़े श्रद्धालु : नीलोखेड़ी। श्री दुर्गाष्टमी के अवसर पर मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु पूजा करने के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। मंदिर में माथा टेकने के बाद श्रद्धालुओं ने अपने घरों में कंजक पूजन किया। कंजक पूजन के बाद व्रतधारियों ने अपने व्रत खोला। कंजकों की तलाश में महिलाएं गली गली घूमती दिखाई दी। कई लोगों ने तो दूसरे मोहल्लों से अपने वाहन में बैठाकर घर लाए। धार्मिक मान्यता अनुसार छोटी कन्याओं को कंजक के रूप में पूजने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। घर में खुशहाली और आपसी प्यार मजबूत होता है। संवाद
मनसा देवी मंदिर में लगीं लंबी कतारें : निसिंग। शारदीय नवरात्रों की अष्टमी के दिन सिद्ध पीठ माता मनसा देवी मंदिर में मन में मनोकामना पूर्ण भावना एवं आस्था का सैलाब लिए श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेका और माता रानी का आशीर्वाद लिया। श्री सिद्ध पीठ माता मनसा देवी मंदिर निसिंग में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं।
वहीं श्री सनातन धर्म शिव मंदिर में सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई और श्रद्धालुओं ने मंदिर में मां दुर्गा के दर्शन अेार पूजन कर चुनरी चढ़ाई गई और अपने परिवार की सुख शांति की प्रार्थना की। मंदिर के बाहर लगे मेले में श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। संवाद
चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया...:
नीलोखेड़ी। मां वैष्णो सेवा समिति की ओर से नीलनगर पार्क में आयोजित चौथे नवरात्र उत्सव का अष्टमी के अवसर पर पं. सूरज शर्मा ने हवन और कंजक पूजन करवा उत्सव को विश्राम दिया गया। मां की चौकी में कलाकार मन्नी मान ने मैया रानी नूं पसंद किवें आई मुहों कुछ बोल चुन्निए और चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है। शेरांवाली ने मौज कर ती। नवरात्र उत्सव में अनूठी शुरुआत करते हुए समिति द्वारा उत्सव में प्रतिदिन शामिल होने वाले सभी लोगों को एक कूपन दिया जाता रहा। इस मौके पर समिति के सदस्यों राकेश चौधरी, दीपक आहूजा, पीयूष वधवा, पूर्व नपाध्यक्ष सतनाम आहूजा, योगी गाबा, नितेश जुनेजा, अशोक पुलाना, लोकेश सचदेवा, लक्ष्य टण्डन, राजु ग्रोवर, मनीश मेहता, भुपेश जुनेजा सहित भारी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और महिलाएं मौजूद रहीं। संवाद
कन्याओं का पूजन कर खोले व्रत : तरावड़ी। माता के नवरात्र की समाप्ति पर अष्टमी के दिन लोगों ने अपने घरों में कंजकों को बिठाकर उनकी पूजा करके अपने व्रत खोलें। नवरात्रों की पूजा बिना कन्याओं के नहीं पूरी मानी जाती। इसलिए अष्टमी के दिन कन्याओं की पूजा का एक अलग ही महत्व है। माता के भक्त अष्टमी के दिन देवी के बाल रूप कंजक को पूजने के लिए ढूंढते नजर आते हैं। भक्तों ने मां जगदंबा मंदिर महावीर मंदिर एवं हनुमान मंदिर, काली माता के मंदिर में महामाई के दर्शन किए। संवाद
योग शिविर में साधकों ने किया कंजक पूजन : करनाल। मेरा मिशन स्वस्थ भारत के अंतर्गत योग कक्षा फव्वारा पार्क में माता रानी के नवरात्रों में दुर्गा अष्टमी पर कंजक पूजन किया गया। मिशन प्रमुख दिनेश गुलाटी ने इस अवसर पर कहा कि नवरात्र के समय में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। योग कक्षा में भी महागौरी की पूजा की गई।
योग शिक्षिका निधि गुप्ता, नीलम बटला, एनएफ चौधरी ने छोटी बच्चियों अनयशा गुप्ता, दिव्यांशी और आयुषी को तिलक लगाया और चुनरी पहनाकर पूजा की। संवाद