करनाल के सेक्टर 7 निवासी युवक को पानीपत में कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद एहतियात के तौर पर मकान नंबर 909, 725 से 729 तक मकान नंबर 904 से 916 तक, मकान नंबर 980 से 986 तक के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। इसके अलावा सेक्टर 7 की मैन मार्केट के पीछे मकान नंबर 677 से 1148 के साथ लगते क्षेत्र को बफर जोन घोषित किया गया है। इसके तहत इन क्षेत्रों के सभी संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, टेस्ट करने के साथ-साथ उन्हें क्वारंटीन, आईसोलेशन और सामाजिक दूरी में रखा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों को एक टीम बनाकर कंटेनमेंट जोन के तहत बसे समस्त घरों के व्यक्तियों की डोर टू डोर स्क्रीनिंग व थर्मल स्कैनिंग करवाने के आदेश दिए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल एरिया को सील कर जरूरत अनुसार नाका लगाएंगे। उपायुक्त ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में जनता की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। खाने का सामान अलग-अलग पैकेट में होंगी तथा सभी के घर द्वार पर पहुंचाई जाएगी। डिलीवरी करने वाला कर्मचारी हाथों में सुरक्षा उपकरण का प्रयोग करेगा। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता कंटेेनमेंट व बफर जोन में नियमित पावर सप्लाई सुनिश्चित करेंगे, जबकि जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता शुद्ध पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी देखेंगे। इन आदेशों के पालन में कमी पाई गई तो उसके विरुद्ध डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट-2005 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।