- अब चार अक्तूबर को होने वाली परीक्षाएं सात या आठ को होंगी, छह कक्षाओं की संशोधित डेटशीट जारी
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। प्रदेश में होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले स्कूलों की छुट्टी के आदेश से अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का शेड्यूल गड़बड़ा गया है। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने अब संशोधित अधिसूचना जारी की है। ऐसे में अब चार अक्तूबर को होने वाली परीक्षा व गत सप्ताह 28 सितंबर को न हो पाई परीक्षा की भी नई तिथि जारी की गई है।
अधिसूचना के अनुसार, परीक्षा चार अक्तूबर को होनी है, अब वह 10 अक्तूबर को होगी। इसी तरह 28 सितंबर में होने वाले परीक्षा नौ या सात अक्तूबर को होगी। विदित हो कि 24 सितंबर से स्कूलों में कक्षा छठी से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं हो रही हैं। जो आठ अक्तूबर तक की जानी थी, लेकिन यह परीक्षाएं अब 10 अक्तूबर तक की जाएंगी। इसके लिए दोबारा से शेड्यूल जारी किया गया है। इनमें कक्षा छह से लेकर 12वीं की परीक्षाओं में बदलाव किया है। कक्षा 11वीं और 12वीं की परीक्षा 28 सितंबर को होनी थी, अब वह नौ अक्तूबर को होगी। इसी तरह चार अक्तूबर को होने वाली परीक्षा 10 अक्तूबर को की जाएगी। वहीं, कक्षा छह से लेकर आठवीं की परीक्षाएं 28 सितंबर को होनी थी, अब वह सभी परीक्षाएं आठ अक्तूबर और चार अक्तूबर को होने वाली 7 अक्तूबर को ली जाएंगी।
इसी तरह कक्षा नौवीं और दसवीं की डेटशीट में भी बदलाव हुए हैं। इन दोनों कक्षाओं की 28 सितंबर को होने वाली परीक्षा सात अक्तूबर को होगी। शिक्षा अधिकारियों के अनुसार, विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सरकारी स्कूलों में चल रहीं अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट में बदलाव किया है। विदित हो कि जिले के 779 राजकीय स्कूलों में डेढ़ लाख से ज्यादा विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल का कहना है कि जारी हिदायतों का सभी विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन को पालन करना होगा। परीक्षाओं में किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। ब्यूरो
अवसर एप पर अपलोड करना होगा परिणाम
अर्धवार्षिक परीक्षाओं का परिणाम भी अवसर एप पर अपलोड करना होगा। इसकी जिम्मेदारी स्कूल मुखिया की होगी। वहीं परीक्षाएं खत्म होने के तुरंत बाद स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगेंगी। डेटशीट जारी होने के बाद विद्यार्थियों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके अलावा ट्यूशन पर भी विद्यार्थी पढ़ने लगे हैं।
कक्षा 11वीं : नौ अक्तूबर को हिंदी, 10 को अंग्रेजी।
कक्षा 12वीं : नौ अक्तूबर को संस्कृत, पंजाबी, उर्दू, 10 को इतिहास, भौतिकी, एकाउंट्स।
कक्षा 10वीं : सात अक्तूबर को अंग्रेजी।
कक्षा नौवीं : सात अक्तूबर को हिंदी।
कक्षा आठवीं : आठ अक्तूबर को हिंदी, सात को संस्कृत, पंजाबी, उर्दू।
कक्षा सातवीं : आठ अक्तूबर को विज्ञान, सात को सामाजिक विज्ञान।