संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिला पुलिस की सीआईए वन इंचार्ज निरीक्षक गुरुविंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यरत सीआईए वन की टीम ने लूटपाट व छीना झपटी की वारदात को अंजाम देने वाली गैंग के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सीआईए वन से उपनिरीक्षक जयपाल ने बताया कि 13 अगस्त को टीम द्वारा आरोपी सोमपाल वासी अहमदगढ़ थाना झिंझाना जिला शामली, उत्तर प्रदेश को सेक्टर 16 करनाल के एरिया से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना इंद्री के एरिया से पिस्टल पॉइंट पर एक दुकानदार से लूट की वारदात व एक साथी के साथ मिलकर मॉडल टाउन करनाल के एरिया से एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने की वारदात को अंजाम देने बारे खुलासा किया। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी व उसकी गैंग के अन्य साथी इस प्रकार की गंभीर वारदातों को अंजाम देने के आदतन अपराधी हैं। आरोपी लूटपाट करने से पहले उस स्थान की रैकी करते हैं। जैसे ही आरोपियों को मौका लगता है तो आरोपी पीड़ित को डरा धमका कर, जबरदस्ती करके या पिस्टल पॉइंट पर लूटपाट करके मौका से फरार हो जाते हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी महिलाओं के गले से चेन छीनने की वारदातों को भी अंजाम देते हैं। आरोपी ऐसी वारदातों को प्राय महिलाओं से किसी का पता पूछने के बहाने अंजाम देते हैं। आरोपी ज्यादातर पाश एरिया में सुबह के समय सैर करने जाने वाली महिलाओं को निशाना बनाते हैं। इन वारदातों को अंजाम देने के लिए आरोपी अपने पास महंगी बाइक रखते हैं, ताकि वारदात करने के बाद आसानी से मौका से फरार हो सकें। आरोपी के कब्जे से 1500 रुपये की नकदी बरामद की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी। आरोपी के अन्य साथियों की भी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जिनको जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा आरोपियों की अन्य मामलों में भी संलिप्तता का पता लगाया जाएगा।
इन मामलों में मिली संलिप्तता
केस नंबर एक
11 जुलाई को शाम के समय गांव गढ़ी बीरबल में स्थित नवीन कुमार की किरयाणा की दुकान से पिस्टल पॉइंट पर करीब बारह हजार रुपये लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले को आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। जिसके बाद आरोपियों ने लूट की रकम को आपस में बांट लिया था। इस मामले में आरोपी के कब्जे से 1500 रुपये की नगदी बरामद की गई है।
केस नंबर दो
14 जुलाई सुबह के करीब छह बजे रितेंद्रजीत कौर वासी मॉडल टाउन में स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने से बाइक सवार दो अज्ञात आरोपियों द्वारा उसके गले से सोने की चेन झपटने की वारदात को अंजाम दिया था। इस वारदात को अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। इस मामले में आरोपी के कब्जे से स्नैच की गई चैन को बरामद किया जाना बकाया है।