- हिरासत में दो आरोपी, सराफा कारोबारी के बेटे पर दुकान में चाकू घोंपकर भागे थे बदमाश
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पालनगर में सर्राफ के बेटे की कमर में चाकू घोंपने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने वीरवार को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली के अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक की कमर में घुसा चाकू निकाल लिया, मगर उसकी हालत गंभीर बनी है। परिजनों का कहना है कि कॉलोनी के ही दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। जबकि उनके बेटे की किसी से रंजिश भी नहीं थी।
पाल नगर में जसपाल की सर्राफ की दुकान है। दुकान पर उसके दो बेटे मणिक और संदीप काम करते हैं। बुधवार को मणिक दुकान पर चांदी साफ कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर दाे युवक आए और मणिक पर चाकू से वार कर दिया। आसपास के लोगों को आता देख आरोपी चाकू को युवक की कमर में लगा छोड़ भाग निकले। परिजन युवक को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज लेकर गए, उसके बाद युवक को परिजन निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर युवक की कमर से चाकू नहीं निकाल सके। बाद में परिजन दिल्ली के अस्पताल में लेकर गए। हालांकि पुलिस अभी आरोपियों की गिरफ्तारी से इंकार कर रही है।