करनाल। रक्षाबंधन का त्योहार भाई और बहन के अटूट प्यार का प्रतीक है। इस बार डाक विभाग की ओर से भाई-बहन के लिए रक्षाबंधन लिफाफा की एक अनूठी योजना चलाई गई है, इसके लिए अलग से टीम भी नियुक्त की गई है। रक्षाबंधन से पहले भाई के पास राखी पहुंचेगी ताकि किसी भी भाई की कलाई इस दिन खाली न रहे। इस कार्य के लिए डाक टीम शनिवार व रविवार को भी काम करेगी।
मुख्य डाकघर कुंजपुरा रोड के प्रवर डाकपाल डॉ कर्म सिंह झझोलिया ने बताया कि अब रक्षाबंधन के त्योहार पर किसी भाई कि कलाई खाली न रहे उसको लेकर एक लिफाफा तैयार किया गया है जो स्पीड पोस्ट के द्वारा दुनिया के किसी भी कोने में बहन के द्वारा भाई के लिए भेजी गई राखी को समय से पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए अलग से डाकियों कि टीम को नियुक्त की गई है।
यह टीम छुट्टी के दिन भी डाक के जरिये भाई तक राखी समय पर पहुंचाएगी ताकि भाई के पास बहन के द्वारा भेजी गई राखी समय पर पहुंच जाए। उन्होने बताया कि करनाल के तीन मुख्य डाकघर है और 72 सब डाकघर है। यह सुविधा हर एक डाकघर में उपलब्ध है। इस योजना की अधिक जानकारी के लिए डिप्टी पोस्ट मास्टर सुरेश कुमार से दूरभाष नंबर 99961-36942, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव सुरेंद्र कुमार 94164-05307 नंबर पर संपर्क कर सकते है। संवाद
वॉटर प्रूफ है लिफाफा
डाक विभाग की ओर से तैयार करवाया गया लिफाफा वॉटर प्रूफ है, जिसका बरसात आने पर भी भीगने का कोई डर नहीं है। इस लिफाफे की कीमत 10 रुपये है। यदि भाई अपनी बहन के लिए शगुन भेजना चाहता है तो अपने नजदीकी डाकघर में जाकर पैसे जमा करवा सकते है। अगले ही दिन शगुन के पैसे बहन तक पहुंच जाएंगे।