करनाल पुलिस की ओर से सेक्टर-12 में आयोजित राहगीरी में रविवार को पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के देहांत के कारण कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। सुबह राहगीरी के सभी सदस्य सुरेश पुनिया व भीम सिंह के नेतृत्व में एकत्रित हुए और दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी। इसके अतिरिक्त रॉयल साइकिलिंग क्लब द्वारा शहर में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को साइकिल के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण के बारे में लोगों को जागरूक करना है। राजीव ओहरी के नेतृत्व में रैली में सुरेंद्र भल्ला, दिलबाग कादियान, अरुण सोही, लवकेश, रवि रावत व एनडीआरआई के अनेक वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। यह रैली जुंडला गेट से शुरू होकर पूरे शहर से होती हुई सेक्टर-12 राहगीरी स्थल पर संपन्न हुई। रैली में शहर के विभिन्न गणमान्य लोगों के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्यों व बच्चों ने भी हिस्सा लिया।